चंडीगढ़, 5 सितम्बर-भारतीय जनता पार्टी की जनसभाओं व रैलियों में जुट रही भीड़ से इस बात का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि लोगों का रूख बीजेपी से जुड़ाव की ओर है और उसका जनाधार दिन प्रति दिन बढ़ रहा है। 
यह बात केन्द्रीय इस्पात मंत्री श्री बीरेन्द्र सिंह ने आज हिसार में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोंधित करते हुए कही जहां वे 11 सितम्बर को जींद के राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाली गौरव रैली का निमंत्रण देने पहुंचे थे। 
  उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी नीतियों एवं कार्योंें की वजह से और मजबूत हो रही है और लोगों का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि वर्तमान सरकार प्रदेशवासियों के लिए कुछ नया व अच्छा कर रही है। उन्होंने कहा कि यह गौरव रैली प्रदेश के पचास साल के इतिहास में हमने क्या किया और आगे आने वाले 50 सालों में क्या करने की जरूरत है, की दिशा व दशा को तय करेगी।
उन्होंने कहा कि आज पचास साल बाद हम पंजाब व कई अन्य राज्यों से कई मामलों में आगे हैं। इसका श्रेय प्रदेश की जनता को जाता है। प्रदेश आज खाद्यान्नों उत्पादन, उद्योग, खेल आदि में बहुत आगे बढ़ गया है। उन्होंने पंजाब के साथ प्रदेश के विकास की तुलना करते हुए कहा कि केन्द्रीय अन्न भण्डारण में 21 प्रतिशत आपूर्ति के साथ पंजाब के बाद हरियाणा दूसरे स्थान पर है। जहां 1984 में भारतीय सेनाओं में हर पांचवा अधिकारी पंजाब से था, वहीं आज सेना का हर पांचवां अधिकारी हरियाणा से है।  
  उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पांच सालों में गांवों में रहने वाले लोगों की आमदनी दुगनी करके आर्थिक स्तर ऊंचा उठाने की जो बात कही है, उसी दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है। केन्द्र ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने की दिशा में कड़े कदम उठा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी चाहिए कि वे  भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए सच्चे मन से लड़ाई लड़े, ताकि प्रदेश को भ्रष्टाचार एवं भाईभतीजावाद से पूर्ण रूप से मुक्त किया जा सके। 
 उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं ने राजनैतिक लाभ लेने के लिए प्रदेश में अराजकता फैलाकर प्रदेश के भाईचारे को खंडित करने की नाकाम कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जींद में होने वाली गौरव रैली के माध्यम से प्रेदश में भाईचारे को और मजबूती प्रदान का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग जातपात की राजनीति कर समाज को बांटने का काम करते हैं, हमें उन लोगों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होने की जरूरत है। 
कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि जींद में होने  रैली ऐतिहासिक होगी। इस रैली में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष श्री अमित शाह सहित पार्टी के अनेक केन्द्रीय नेता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भाई भतीजावाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद जैसी कुठित मानसिकताओं से ऊपर उठकर व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है, जिसका उदाहरण हाल ही में जारी हुआ एचसीएस का परिणाम है। यह भर्ती पारदर्शिता एवं योग्यता के आधार पर की गई है। उन्होंने लोगों को शिक्षक दिवस और गणेश चतुर्थी की बधाई दी। 
कार्यकर्ता सम्मेलन को जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र पुनिया, भाजपा नेता कर्ण सिंह रानोलिया, प्रो. छत्रपाल, सीमा गैबीपुर, विजय कौशिक, सोनाली फोगाट, मंदीप मलिक आदि ने सम्बोधित कर 11 सितम्बर को जींद में होने वाली गौरव रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की। 

Post a Comment

Previous Post Next Post