चंडीगढ़ 


हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी श्री विवेक बंसल व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी सोशल मीडिया पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। इस अवसर पर “जॉइन कांग्रेस सोशल मीडिया अभियान” लांच किया गया। इस मौके पर सोशल मीडिया विभाग के हरियाणा प्रभारी श्री मनोज गुप्ता भी मौजूद थे।


 बंसल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इस अभियान के माध्यम से देशभर में 5 लाख सोशल मीडिया वॉरियर तैयार करने का लक्ष्य है। इस अभियान के तहत आधुनिक युग में हमारे स्वतंत्रता संग्राम व हमारे स्वर्णिम इतिहास से आज की युवा पीढ़ी को अवगत करवाने के साथ साथ भाजपा सरकार की जान विरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है, परन्तु अहंकारी मोदी सरकार उनकी बात सुनने की बजाये किसानो पर ही अनर्गल आरोप लगा रही है। जोकि भारत के स्वच्छ और सार्थक लोकतंत्र के लिए शुभ संदेश नहीं है। हरियाणा प्रभारी ने कहा की आज अन्नदाता काले कानूनों के खिलाफ अपने हकों के लिए पिछले 2 महीने से भी ज्यादा समय से दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हुए हैं, लेकिन हल निकालने की बजाय इस सरकार के द्वारा उनकी आवाज को दबाने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। 200 से ज्यादा किसान जान गँवा चुके हैं, लेकिन मोदी सरकार अहंकार में चूर है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता के हितों को भूल चुकी है और उसे सिर्फ अपने कुछ पूंजीपति मित्रों के हितों की ही चिंता है।


बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी द्वारा लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए जॉइन कांग्रेस सोशल मीडिया के नाम से एक अभियान लॉन्च किया गया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी की विचारधारा रखने वाले युवा और प्रतिभावान लोगों को कांग्रेस सोशल मीडिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से एक हजार सोशल मीडिया वॉरियर्स की टीम बनाने का लक्ष्य है। जिसके तहत पूरे हरियाणा से कम से कम 10 हजार वॉरियर इस अभियान से जोड़े जाएंगे।


कुमारी सैलजा ने कहा कि यह अभियान देश की आवाज को बुलंद करने के लिए है। हम इस अभियान के माध्यम से देश के युवाओं को ऐसा प्लेटफार्म देने जा रहे हैं, जिससे वह अपनी आवाज को बुलंद कर सकें और इस अहंकारी भाजपा सरकार की असलियत को जनता के सामने उजागर कर सकें।


हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि आज के दिन भाजपा सरकार द्वारा जनता की आवाज को कुचलने के हर प्रयास किए जा रहे हैं। इस सरकार ने अपने 7 साल के कार्यकाल में जनता की आवाज को हर स्तर पर कुचलने का कार्य किया है। भाजपा सरकार के तानाशाही फरमानों के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को बदनाम करने के लिए तमाम हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। आज लोकतंत्र के ऊपर लगातार हमले किए जा रहे हैं। सरकार की नाकामियों के कारण आज बेरोजगारी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अर्थव्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। गरीब व दलित वर्ग के हितों पर लगातार सरकार के द्वारा कुठाराघात किए जा रहे हैं।  चीन हमारी सीमा में घुसा हुआ है लेकिन यह सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए बैठी है।


उन्होंने कहा कि आज चाहे किसानों की बात हो, बेरोजगारी की बात हो, महिला सुरक्षा की बात हो, या फिर दलित उत्पीड़न की बात हो, महंगाई की बात हो हरियाणा कांग्रेस श्रीमती सोनिया गांधी जी व श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व में पूरी ताकत के साथ इन मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठा रही है। कांग्रेस पार्टी देश के साथ खड़ी है, जनता के साथ खड़ी है। हमारा लोकतंत्र एक निर्णायक मोड़ पर है। भाजपा सरकार हमारे देश व लोकतंत्र की संस्थाओं को नष्ट करने का निरंतर प्रयास कर रही है। देश में अन्याय, अत्याचार बढ़ रहा है और नफरत भरे भाषण समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। ऐसे एजेंडे के खिलाफ आवाज बुलंद करने व नफरती, हिंसक माहौल से भारत देश के भविष्य को सुरक्षित करने हेतु सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम है।


हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है कि ऐसी अहंकारी और तानाशाह सरकार के खिलाफ हम देश के हर वर्ग की आवाज को बुलंद करें। आज देश को सच्चाई के लिए लड़ने वाले और शांति-सौहार्द को बढ़ाने वाले अहिंसक योद्धाओं की जरूरत है, जो देश के मूल्यों और विचार की हिफाजत कर सकें।  इसीलिए आज कांग्रेस पार्टी द्वारा लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए यह अभियान लॉन्च किया जा रहा है। जो भी साथी इस अभियान से जुड़ना चाहें, उनके लिए टोल फ्री नंबर, व्हाट्सएप नंबर, वेबसाइट और ईमेल आईडी जारी की गई है, जो कि निम्न प्रकार है :- 


टोल फ्री नंबर- 1800 1200 00044 


व्हाट्सएप नंबर- 75740 00525


इमेल आईडी - smw@inc.in


वेब साईट- www.incsmw.in


www.incsmwarriors.com


कुमारी सैलजा ने बताया कि एक महीने तक यह पूरा अभियान कांग्रेस पार्टी द्वारा देश में चलाया जाएगा। आज हरियाणा प्रदेश से इसकी शुरुआत हो गई है। एक महीने तक हम जन-जन तक इस अभियान को पहुंचाएंगे और एक महीने के बाद जो लोग भी इस अभियान में एनरोल करेंगे उनमें से बेसिक इंट्रव्यू करने के बाद उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी और जो जिस स्तर पर काम करना चाहेगा, उसे उसी के अनुरूप जिम्मेदारी तय की जाएगी। जो जिला स्तर पर काम करना चाहेंगे उन्हें जिला स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी। जो लोग राज्य स्तर पर काम करना चाहेंगे, उन्हें राज्य स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी। जो राष्ट्रीय स्तर पर काम करना चाहेंगे, उनको राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देंगे।


इस मौके पर विधायक शमशेर सिंह गोगी, शैली चौधरी व नीरज शर्मा, पूर्व संसदीय सचिव राम किशन गुज्जर, पूर्व विधायक रिशाल सिंह, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव डॉ अजय चौधरी, कोषाध्यक्ष रोहित जैन, प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भरद्वाज, मीडिया प्रभारी निलय सैनी, प्रदेश कांग्रेस के कार्यक्रम देखरेख विभाग के इन्चार्ज रंधीर राणा, सोशल मीडिया विभाग के इंचार्ज विक्रम दूहन व कपिल खेत्रपाल, गौरव ढींगरा, रमण खोक्कर और मनोज अग्रवाल आदि मौजूद थे।

Post a Comment

أحدث أقدم