- जाने माने अंतरिक्ष वैज्ञानिक संबोधित करेंगे, इसरो लगायेगा विज्ञान प्रदर्शनी
चंडीगढ़, 24 अक्टूबर, 2016: ट्राईसिटी चंडीगढ़ राष्ट्रीय अंतरिक्ष विज्ञान के मानचित्र पर आने के लिए तैयार है। इसकी वजह है - एक बड़ी ‘अंतरिक्ष विज्ञान’ घटना - 5वां राष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन 2016, जिसका आयोजन संयुक्त रूप से इंटरनेशनल स्पेस सोसाइटी एवं दीक्षांत ग्रुप ऑफ स्कूल्स की ओर से इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन ‘इसरो’ द्वारा किया जा रहा है।
यह दो-दिवसीय कांफ्रेंस गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सेक्टर 32, चंडीगढ़ के सभागार में आयोजित होगी, जबकि अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित प्रदर्शनी दीक्षांत ग्लोबल स्कूल, वीआईपी रोड, जीरकपुर के परिसर में लगेगी। यह जानकारी इसरो के पूर्व ग्रुप डायरेक्टर एवं इंटरनेशनल स्पेस सोसाइटी के चेयरमैन श्री सुरेश नाइक तथा दीक्षांत ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन व स्पेस सोसाइटी के प्रेसीडेंट श्री मितुल दीक्षित ने दी।
अंतरिक्ष सम्मेलन के दौरान आईआईएसईआर चंडीगढ़ के प्रोफेसर जे एस बागला एस्ट्रोसेट पर व्याख्यान देंगे। साथ ही, इसरो-यूओपी स्पेस टैक्नोलॉजी सेल, यूनिवर्सिटी ऑफ पुणे के डायरेक्टर डॉ. एम सी उत्तम जीएसएलवी मिशन और क्रायोजेनिक इंजन के बारे में बतायेंगे। चंद्रयान व मंगलयान के बारे में जानकारी देने के लिए कांफ्रेंस में प्रोफेसर सुरेश नाइक मौजूद रहेंगे।
श्री सुरेश नाइक ने बताया, ‘इंटरनेशनल स्पेस सोसाइटी का उद्देश्य आउटरीच प्रोग्राम्स के जरिये खास तौर पर स्कूली छात्रों के बीच अंतरिक्ष विज्ञान के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस कांफ्रेंस के जरिये छात्रों के मन में अंतरिक्ष विज्ञान के रोचक संसार और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के बारे में उत्सुकता पैदा की जायेगी। हमने इसरो में कैरियर की संभावनाएं विषय पर भी एक सत्र की योजना बनायी है।’
दो दिनों तक चंडीगढ़ में अंतरिक्ष विज्ञान के शीर्ष वक्ताओं का जमावड़ा रहेगा। इन विशेषज्ञों के व्याख्यानों के अलावा अंतरिक्ष विज्ञान की प्रदर्शनी में छात्रों के लिए विविध प्रकार के चार्ट एवं मॉडल प्रदर्शित किये जाएंगे। इस ईवेंट में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। कोई भी इस सम्मेलन में भागीदारी कर सकता है।
إرسال تعليق