: प्रदेश के प्रत्येक कोने में खुशी में ढोल की थाप पर थिरके भाजपा पदाधिकारी
: होली के मौके पर जमकर उडा अबीर-गुलाल, बांटे गए लड्डू 
चंडीगढ। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को मिले जनता-जर्नादन के आशीर्वाद और समर्थन पर हरियाणा में भी भाजपाईयों ने एक दिन पहले ही होली मनाई। चुनावी रूझानों के नतीजों में बदलने के साथ ही प्रदेश के हर कोने में भाजपा नेता, पदाधिकारियों ने जमकर अबीर-गुलाल उडाया और ढोल की थाप पर थिरकते हुए लड्डू बांटे। पदाधिकारियों में हरियाणा के साथ लगते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बंपर समर्थन को लेकर भी उत्साह देखा गया। 
पांच राज्यों के चुनाव परिणाम की बेसब्री से इंतजार कर रहे भाजपाईयों की मुराद शनिवार को पूरी हो गई। सुबह ईवीएम से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रूझान मजबूती से भाजपा के पक्ष में आने के साथ ही भाजपा के नेताओं और पदाधिकारियों को अहसास होने लगा था कि उनकी होली एक दिन पहले ही मनने जा रही है। दोपहर तक स्थिति स्पष्ट होने के बाद पूरे प्रदेश में भाजपाईयों ने विजय पर्व के तौर पर आयोजन किए। प्रचंड बहुमत की सूचना मिलने के बाद ही सभी जिलों में भाजपाईयों द्वारा कार्यालय में तथा सार्वजनिक स्थानों पर अबीर-गुलाल उडाकर खुशी मनाई गई। बाजार और मार्किट परिसरों में भी दुकानदारों द्वारा लड्डू बांटे गए। इसमें मंत्री, विधायक, बोर्ड, निगम चेयरमैन भी शामिल हुए।   
इस जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने कहा कि हरियाणा के नेताओं और पदाधिकारियों द्वारा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दिल से प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में भाजपा शासन की नीतियों को दिखाते हुए वहां चल रही सरकारों की कमियों को उजागर किया था तथा जनता-जर्नादन को भाजपा शासन के फायदे गिनाए थे। इसका असर यह रहा कि हरियाणा से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को सबसे बेहतर परिणाम मिला। उन्ळोंने कहा कि इससे हरियाणा के भाजपाईयों में खुशी है कि हरियाणा के काम को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की जनता ने दिल से स्वीकार किया। 
भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जनता-जर्नादन ने नोटबंदी और भ्रष्टाचार से तिलमिलाए लोगों को बडी चोट देते हुए भाजपा में अपना भरोसा जताकर देश को विकास की राह पर आगे बढने का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। इन दोनों राज्यों ने भारतीय जनता पार्टी और विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा पर जनता से भरोसा जताते हुए उनके राष्ट्रीय स्तर के निर्णयों पर अपना साथ दिखा दिया है। उत्तर प्रदेश में जातिवाद, क्षेत्रवाद की आग से दशकों से विकास में पिछडापन आ रहा था और केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा दिए जाने वाले पैसे का सदुपयोग नहीं हो पा रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और भ्रष्टाचार पर अंकुश ही नहीं लगाया, अपितु उत्तर प्रदेश में जनता के साथ धोखा करने वाली समाजवादी पार्टी, कांगे्रस और बसपा के गठजोड की कमर भी तोड दी है। उन्होंने कहा कि जनता साफ तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में लिए जा रहे निर्णयों को अपना साथ दे रही है। यही कारण है कि विरोधियों के एक साथ मिलकर भाजपा के विजय रथ को रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन जनता-जर्नादन ने उनको कडा सबक सिखाते हुए भाजपा को मजबूत किया। 

Post a Comment

أحدث أقدم