व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन के बाद पहला विराट व्यापारी सम्मेलन सम्मेलन कुरूक्षेत्र में
26 मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्यातिथि, कैबिनेट मंत्री रहेंगे विशिष्ट अतिथि

चंडीगढ। हरियाणा में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी की सरकार व्यापार सरलीकरण के लिए उठाए गए कदमों तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापारी कल्याण बोर्ड गठन करने के बाद पहली बार सीधे तौर पर व्यापारी वर्ग से रूबरू होगी। आगामी 26 मार्च को कुरूक्षेत्र में विराट व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के सभी व्यापारी संगठनों को आमंत्रित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
आज यहां जारी बयान में भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने बताया कि हरियाणा में भाजपा से पहले की सरकारों के शासन में व्यापारियों को विभाग और सरकार के स्तर पर प्रताडना झेलनी पडती थी। पूर्व सरकारों के दौरान व्यापारी वर्ग की किसी भी मंच पर सुनवाई नहीं होती थी। व्यापारियों को परेशान करने के लिए तथा अपने निजी हितों की पूर्ति के लिए उनपर दबाव बनाया जाता था, इससे व्यापारियों के लिए हरियाणा में व्यापार करना मुश्किल भरा हो चला था। वर्ष 2014 में हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही व्यापारी वर्ग के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान पर गंभीरता से विचार किया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों को नाजायज तौर पर परेशान नहीं किया जाएगा। इस कडी में व्यापार प्रक्रिया को सरल बनाने तथा व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए न केवल उद्यम प्रोत्साहन नीति 2015 तैयार की गई, जबकि उद्यम प्रोत्साहन बोर्ड का भी गठन किया गया। व्यापारियों को सरकारी विभागों के अनावश्यक चक्कर काटने से बचाने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सीफार्म आनलाइन किया गया। व्यापारियों को राहत देते हुए आनलाइन रिटर्न भरने की सुविधा दी गई, जबकि जीएसटी पंजीकरण के लिए डिजिटल सिग्नेचर की अनिवार्यता को खत्म करते हुए ई सिग्नेचर का अवसर दिया गया। 
उन्होंने बताया कि व्यापारियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर काटते हुए स्वीकृति लेने की परेशानी को देखते हुए ई बिज पोर्टल की शुरूआत की गई, इससे व्यापारियों की भागदौड खत्म होगी और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने वायदे को निभाते हुए प्रदेश में व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन किया है। इस बोर्ड में उन सभी विभागों के आला अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनके स्तर पर व्यापारियों की दिक्कतों का समाधान किया जा सकता है। इस कडी में आगामी 26 मार्च को नई अनाज मंडी कुरूक्षेत्र में विराट व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के सभी व्यापारी संगठनों के साथ-साथ व्यापारी बंधुओं को आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में मुख्यातिथि के तौर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विशिष्ट अतिथि के तौर पर सभी मंत्री, बोर्ड-निगम चेयरमैन, व्यापारी संगठनों के प्रधान रहेंगे। 

Post a Comment

أحدث أقدم