महम जलघर का उदाहरण रख उजागर की सरकार की कार्यशैली 
एक महीने से गंदगी से अटा पड़ा महम जलघर
लोगों को की जा रही गंदे पानी की आपूर्ति 
ट्विटर हैंडल पर एक महीने की दो तस्वीरों के ज़रिए मुख्यमंत्री को घेरा
चण्डीगढ, 5 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर राज्य के लोगों से स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। रोहतक जिले के महम जलघर की हालत को अपने ट्विटर हैंडल के ज़रिए दिखाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि एक महीने से लगातार इस जलघर के टैंक में व्याप्त गंदगी लोगों की जान से खिलवाड़ है।
डा अशोक तंवर ने बीती 11 मई को स्थानीय लोगों के अनुरोध पर दिल्ली-रोहतक-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित महम जलघर (द्वितीय) का निरीक्षण किया था। लोगों का आरोप था कि उन्हें गंदे पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जिसका उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अधिकारियों और भाजपा के स्थानीय नेताओं को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई हल नही निकला। डा अशोक तंवर ने बताया कि जलघर के मुख्य स्टोरेज टैंक में गंदगी का बोलबाला था। मुख्य स्टोरेज में जमा पानी से ही जलापूर्ति की जाती है। उन्होंने हैरानी ज़ाहिर करते हुए बताया कि टैंक में कमल तो लगे हुए थे लेकिन लोगों की सेहत से खिलवाड़ भी हो रहा है।
एक महीने बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने चार जून की सांय फिर टैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि एक महीने के दौरान न तो टैंक की सफ़ाई की गई और न ही लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बंद हुआ। एक महीने में जब एक जलघर की हालत में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सरकार से हरियाणा के लोग कैसी उम्मीद कर सकते है। 
डा. अशोक तंवर ने महम जलघर की इस समस्या को अपने ट्विटर हैंडल के ज़रिए प्रदर्शित करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी टैग किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा जल संकट से जूझ रहा है मुख्यमंत्री और उनकी सरकार सरकारी ख़ज़ाने का दुरुपयोग करते हुए जश्न-उत्सव मनाने में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post