Chandigarhy : (Parvesh Kumar)  : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा है कि महिलाओं और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाओं में जितनी तेजी से वृद्धि हो रही है उससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हरियाणा गैंग रेप में नम्बर एक बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ भी अन्य नारों की तरह केवल एक जुमला ही था। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोतरी हुई है उससे प्रतीत होता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था और सरकार नाम की कोई चीज है ही नहीं। सीएम मनोहर लाल खट्टर को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यदि थोड़ी सी भी नैतिकता बची हो तो खट्टर सरकार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि वह कानून और व्यवस्था बनाये रखने में पूर्णतया नाकामयाब रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उपरोक्त बयान आज गुरुग्राम में रेलवे स्टेशन से जिमखाना क्लब तक साइकिल पर निकाली गई रोष यात्रा के दौरान दिया।

डॉ. तंवर ने बताया कि पिछले तीन दिनों में ही फरीदाबाद, जींद, पिंजौर और पानीपत में बच्चियों के साथ गैंगरेप की चार दर्दनाक घटनाएं हुई हैं, जिससे प्रदेश की जर्जर हो चुकी कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का पता चलता है। प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचारों के कारण महिलाओं का घर से निकलना भी दुभर हो गया है और वे अपने-आपको पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

उन्होंन कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा एक तरह से अपराध हब के रूप में बदनाम हो चुका है जोकि राज्य की भाजपा सरकार की असफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हरियाणा में बलात्कार के 1198, सामूहिक बलात्कार के 191, हत्या के 1090 तथा अपहरण के 4019 मामले दर्ज हुए जिसका अर्थ है कि राज्य में प्रतिदिन लगभग तीन बलात्कार, तीन हत्याएं और 11 अपहरण की घटनाएं घटित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों से स्पष्ट होता है कि वर्तमान भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में पूर्णतया असफल रही है। डॉ. तंवर ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि वर्तमान भाजपा की अपरिपक्व सरकार ने तीन-तीन डीजीपी बदले हैं परंतु कानून व व्यवस्था की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को तरह-तरह के आडम्बर रचने और अधिकारियों के सिर्फ तबादले करने के बजाये कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में कांगे्रसजन हरियाणा की जनता के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर का घेराव करेंगे और प्रदेश में तेजी से बिगड़ रही कानून व व्यवस्था की स्थिति पर अपना आक्रोश दर्ज कराएंगे। डॉ. तंवर ने कहा कि प्रदेश व देश के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति इतना आक्रोश है कि वे जल्द से जल्द इन सरकारों से छुटकारा चाहते हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم