चण्डीगढ, 5 जनवरी - राज्यपाल, हरियाणा के परिसहाय (सेना) मेजर कृष्णा सिंह को उनके अढाई साल के कार्यकाल की समाप्ति पर राज्यपाल, राजभवन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। मेजर कृष्णा सिंह ने 15 जून 2015 से 24 दिसम्बर, 2017 तक राज्यपाल, हरियाणा के परिसहाय का पदभार संभाला।
इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 कप्तान सिंह सोलंकी ने मेजर कृष्णा सिंह को विनम्र, सहनशील, जागरूक, साहसी, जिज्ञासु व आत्मविश्वास से पूर्ण अधिकारी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव प्रदान करने के लिए उन्हें विभिन्न स्थानों व विभिन्न पदों पर तैनात किया जाता है। राजभवन में काम करने का अवसर जीवन में एक बार ही मिलता है। अत: उन्हें यहां जो कुछ भी सीखने को मिला उसे अपने साथियों के साथ सांझा जरूर करें। राज्यपाल ने मेजर कृष्णा सिंह के स्थान पर कार्यभार ग्रहण करने वाले नए परिसहाय स्कवाड्रन लीडर सौरभ यादव का राजभवन में स्वागत भी किया। उन्होंने सौरभ यादव को एगिलेट भेंट की और विश्वास व्यक्त किया कि वे भी मेजर कृष्णा सिंह की तरह उनकी उम्मीद पर खरा उतरेंगे।
मेजर कृष्णा सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान उनका सहयोग करने वाले सब अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया।
राज्यपाल के सचिव डॉ0 अमित कुमार अग्रवाल व परिसहाय (पुलिस) श्री गंगाराम पुनिया ने भी मेजर कृष्णा सिंह को विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मेजर कृष्णा सिंह और स्कवाड्रन लीडर सौरभ यादव के माता-पिता व अन्य परिजन भी उपस्थित थे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post