चंडीगढ़ (प्रवेश फरण्ड )
कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है। जब लोगों की आवाज को दबाया जाता है तो लोग सड़कों पर आने के लिए मजबूर हो जाते हैं। आज मुख्यमंत्री जी को काले झंडे दिखाए गए हैं। क्योंकि लोग दुखी हैं। आज सरकार की आंखें खोलने के लिए जनता द्वारा काले झंडे दिखाए गए हैं। सरकार यदि लोगों की बात नहीं सुन सकती, उनका दुख दर्द नहीं जान सकती तो उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने अंबाला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की मेयर पद की प्रत्याशी श्रीमती मीना अग्रवाल और पार्टी के पार्षद पद के प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित करते हुए कहीं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज कोई भी वर्ग प्रदेश सरकार से खुश नहीं है। हरियाणा की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। आज अंबाला की जनता को ऐसी मेयर और ऐसे पार्षद चाहिएं, जो क्षेत्र के विकास कार्य के लिए पैसा ला सकें और लोगों के कार्य कर सकें। कांग्रेस पार्टी की मेयर पद की प्रत्याशी श्रीमती मीना अग्रवाल जी और कांग्रेस पार्टी के पार्षद पद के सभी प्रत्याशी लोगों के कार्य करवाने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा आपकी सेवा में रही है और हमेशा रहेगी।
कुमारी सैलजा ने कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों के लिए मकान बनाए थे। लेकिन भाजपा सरकार द्वारा अभी तक गरीब लोगों को वह मकान अलॉट ही नहीं किए गए हैं। भाजपा सरकार द्वारा स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े नारे दिए गए। लेकिन आज हर तरफ गंदगी के ढेर हैं। सड़कों और गलियों का बुरा हाल है। कांग्रेस सरकार ने कभी खोखले दावे नहीं किए थे। कांग्रेस सरकार ने विकास कार्य करके दिखाए थे। आज खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल के क्षेत्र करनाल में कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। तमाम वर्ग वहां पर धरने पर बैठे हैं, परेशान हैं। खुद मुख्यमंत्री के क्षेत्र का यह हाल है तो प्रदेश के बाकि क्षेत्रों में बदहाली का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
कुमारी सैलजा ने हरी नगर में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब मैं केंद्रीय मंत्री थी तो इस इलाके पर खतरे के बादल मंडरा रहे थे। यहां पर एक प्रोजेक्ट आ रहा था, बाईपास बनना था। यहां की जनता मेरे पास आई थी कि हमारी मेहनत की कमाई को बचाया जाए। उस वक्त मैंने तुरंत केंद्रीय परिवहन मंत्री से बात की थी और इसके बाद जनता की इच्छा के अनुसार वह प्रोजेक्ट बना था। कांग्रेस सरकार के समय लोगों की सुनवाई की जाती थी। लेकिन आज भाजपा सरकार लोगों की कोई सुनवाई नहीं कर रही है। इसी कारण आज किसान और मजदूर सड़कों पर बैठे हैं। किसानों की जानें जा रही हैं। लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। आज गरीब की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आम लोगों का दर्द यह सरकार कभी नहीं जान सकती। इन्हें सिर्फ बड़े-बड़े पूजीपतियों की आवाज सुनाई देती है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि इस बार नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने लोगों की भावनाएं जानीं और सभी की इच्छा थी कि कांग्रेस पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़े। लोगों की भावनाओं के अनुसार कांग्रेस ने पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया। फिर प्रत्याशी को लेकर सवाल आया तो हमने सभी से राय जानीं और और प्रत्याशी तय किए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाली 27 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं।
इस दौरान विधायक शमशेर सिंह गोगी, विधायक रेणु बाला, विधायक बिशन लाल सैनी, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, वरिष्ठ नेत्री किरण बाला जैन, हरियाणा कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रोहित जैन, तरुण चुघ, मलकीत सिंह, गुरुदेव सिंह, पहलराम, कुलविंदर पूनिया, रिंकू पूनिया, सूरज रश्मि शर्मा, हरेंद्र शर्मा, हरीश शासन, सोनू राणा, राघव, संजय राठी व अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Post a Comment