मोहाली
जीरकपुर। नए साल पर ढकोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करके सब-डिवीजन अस्पताल बनाया जा रहा है। अब इस अस्पताल में स्वास्थ्य से जुड़ी हरेक बीमारी के लिए अलग-अलग डाक्टर तैनात रहेंगे। अब इनके साथ-साथ सब-डिवीजन अस्पताल बनने पर गंभीर से गंभीर बीमारी के लिए अलग से विशेषज्ञ डाक्टरों की व्यवस्था की जाएगी। जानकारी के मुताबिक सामुदायिक केंद्र में आने वाले गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को अगर आपरेशन की जरूरत पड़ती थी तो उन्हें अन्य शहरों के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब नए सब-डिवीजन अस्पताल के अंदर आपरेशन थिएटर की व्यवस्था भी की जाएगी और आपात स्थिति में अगर किसी का आपरेशन भी करना पड़े तो किया जा सकेगा। सब-डवीजन अस्पताल के अंदर शवों के रखरखाव को लेकर अलग से मुर्दाघर/मोर्चरी का प्रबंध किया जाएगा।
अलग से होगा ब्लड बैंक के लिए इंतजाम
ढकोली के अंदर अपग्रेड होकर बनने वाले नए सब-डिवीजन अस्पताल में ब्लड बैंक को लेकर विशेष व्यवस्था की जाएगी। जिससे शहरवासियों को आपातस्थिति में रक्त लेने के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। इसके साथ ही समाजसेवी संस्थाओं की ओर से किए जाने वाले रक्तदान शिविर के लिए जीएमसीएच-32 और पीजीआई जैसे अस्पताल के डाक्टरों की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि रक्तदानियों के लिए अलग से डाक्टरों की टीम तैनात की जाएगी। आमतौर पर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियों के लिए समय-समय पर डाक्टरों से सलाह की जरूरत पड़ती है और कुछ महिलाएं ऐसी होती है, जिन्हें अस्पताल में दाखिल होना जरूरी होता है। वहीं, ऐसी परिस्थिति को देखते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए अस्पताल के अंदर अलग से केंद्र बनाने की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें हफ्ते के सातों दिन और 24 घंटे स्टाफ मौजूद रहेगा। अभी तक ढकोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए कोई सुविधा नहीं थी। बल्कि नवजन्में बच्चों को अन्य अस्पतालों में भेजकर डाक्टरों की निगरानी में रख जाता है।
ऐसी सूरत में अब सब-डिवीजन अस्पताल के अंदर ही नवजात बच्चों की देखभाल के लिए केंद्र की व्यवस्था की गई है, जिससे नवजन्में बच्चे को अगर कोई परेशानी हो तो उसे विशेष डाक्टरों की निगरानी में रखा जा सके। ढकोली में स्थित कम्युनिटी स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करते हुए सब-डिवीजन अस्पताल का दर्जा दिया गया है। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू यहां पहुंचकर इसकी शुरूआत की औपचारिक घोषणा करेंगे। शुरूआत में यहां अलग-अलग वार्ड के अंदर 50 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे बेडों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नए सब-डिवीजन अस्पताल से शहर की करीब चार लाख आबादी को स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं के लिए अन्य शहरों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

إرسال تعليق