मुक्तसर : 


 विवाहित महिला के अवैध संबधों ने मुक्तसर में एक हंसते खेलते परिवार को बर्बाद कर दिया। वहां पर एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई जबकि बेटे का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पंजाब के मुक्तसर जिले में रहने वाले भोला नामक व्यक्ति ने दो दिन पहले अपने दो बच्चों के साथ जहर निगल लिया था। जिसके चलते बेटी की मौत मौके पर ही हो गई थी। आज सोमवार की सुबह भोला की भी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में गंभीर आरोप मृतक की पत्नी पर लगे हैं, जिसके किसी के साथ अवैध संबंध थे। 


घटना में मृतकों की पहचान नवीन कुमार उर्फ भोला (40) निवासी जोधू कॉलोनी और उसकी बेटी तानिया (7) के तौर पर हुई। उसके पुत्र कबीर (5) की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डाक्टर उसे बचाने के प्रयास कर रहें हैं। पुलिस ने बापबेटी के शवों को कब्जे में लेकर भोला की पत्नी प्रियंका, उसके प्रेमी अमन नामक युवक और अमन की मां सीता रानी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई मुनीश ने बताया कि नवीन एंबुलेंस चालक था। उसकी पत्नी प्रियंका के अमन के साथ अवैध संबंध थे और इसमें अमन के माता पिता भागीदार थे। इन संबंधों से दुखी होकर ही नवीन उर्फ भोला ने अपने बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया। जहर खाने से पहले भोला ने अपने मोबाइल पर एक वीडियो बनाई थी। इस वीडियो में नवीन ने अमन और उसकी मां सीता रानी पर कई आरोप लगाए हैं कि उन्होंने उसकी पत्नी प्रियंका की पहले वीडियो बनाई। फिर उसको इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे। मुनीश के बयानों के आधार पर पुलिस ने IPC की धारा 306, 511, 506 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।


 

Post a Comment

أحدث أقدم