: सांसद, मुख्य संसदीय सचिव को भी प्रदेश भर में सौंपा गया है दायित्व
: संगठन पदाधिकारियों के साथ आमजन से भी रूबरू होंगे जनप्रतिनिधि 
चंडीगढ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन साल के शासन की कामयाबी को जनता-जर्नादन के मध्य लेकर जाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, मुख्य संसदीय सचिव एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि कमर कर चुके हैं। भाजपा हरियाणा ने आलाकमान के निर्देश पर उनके तिथिवार शैड्यूल तैयार करते हुए कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से क्रियान्वित करने की जिम्मेदारी भी वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी है। इस अभियान में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं संगठन प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी आम जनता के बीच जाकर मोदी शासन की खूबियों से वाकिफ कराएंगे।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन को तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरकार की कामयाबी और ऐतिहासिक बदलाव के क्षणों को जनता तक सीधे पहुंचाने के लिए रणनीति तैयार की गई है। इस रणनीति के तहत हरियाणा के विभिन्न जिलों में भाजपा के केंद्र तथा राज्य के बडे नेता जाकर मोदी सरकार की योजनाओं के आंकडों के साथ आम लोगों से रूबरू होंगे, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिनरात की जा रही मेहनत से जनता को होने वाले फायदे के बारे में बता सकें। भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि हरियाणा में अगले एक पखवाडे के अंदर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के साथ-साथ केंद्र सरकार के मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, राज्यसभा सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अलग-अलग जिलों में जाकर स्थानीय रूपरेखा के अनुसार आमजन से रूबरू होंगे। उन्होंने बताया कि इस अभियान में पार्टी के पदाधिकारियों के अंदर भी जोश भरा जाएगा और संगठन को मजबूती की ओर ले जाने वाले मंत्र दिए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post